बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि केवल किसी व्यक्ति के मुस्लिम धर्म का पालन करने के आधार पर उसकी जातिगत पहचान समाप्त नहीं मानी जा सकती। यदि पुराने सरकारी दस्तावेज और रिकॉर्ड किसी जाति को प्रमाणित करते हैं, तो केवल “Affinity Test” अथवा धार्मिक पहचान के आधार पर जाति दावा खारिज नहीं किया जा सकता, ऐसा अदालत ने कहा।
यह महत्वपूर्ण फैसला नागपुर निवासी मोहम्मद लुकमान परेख द्वारा दाखिल रिट याचिका क्रमांक 1873/2026 में न्यायमूर्ति श्रीमती एम. एस. जवालकर तथा न्यायमूर्ति नंदेश एस. देशपांडे की खंडपीठ ने सुनाया। अदालत ने जिला जाति प्रमाणपत्र जांच समिति, वाशिम के आदेश को रद्द करते हुए याचिकाकर्ता को “काची” अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) जाति वैधता प्रमाणपत्र जारी करने के निर्देश दिए।
अदालत के समक्ष 1951 का जन्म प्रमाणपत्र, पुराने स्कूल रिकॉर्ड तथा 1959 की बिक्री विलेख (Sale Deed) सहित कई ऐतिहासिक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, जिनमें परिवार की जाति “कच्छी” दर्ज थी। अदालत ने कहा कि मजबूत दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध होने पर केवल धर्म अथवा सामाजिक पहचान के आधार पर जाति दावा नकारा नहीं जा सकता।
खंडपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 2023 के “महाराष्ट्र आदिवासी ठाकुर जमात स्वारक्षण समिति बनाम महाराष्ट्र राज्य” फैसले का भी उल्लेख करते हुए कहा कि केवल “Affinity Test” के आधार पर जाति दावा खारिज करना उचित नहीं है।
हाईकोर्ट ने संबंधित समिति को चार सप्ताह के भीतर “काची” OBC जाति वैधता प्रमाणपत्र जारी करने के आदेश दिए हैं।
इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए ने बॉम्बे हाईकोर्ट और महाराष्ट्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सत्य की जीत हुई है और कई वर्षों से कच्छी समाज के लोगों को जाति वैधता प्रमाणपत्र देने में अनावश्यक परेशानियां दी जा रही थीं। महाराष्ट्र सरकार ने 12-12-2023 के GR के माध्यम से स्थिति स्पष्ट कर दी थी, इसके बावजूद केवल मुस्लिम होने के आधार पर आवेदन खारिज किए जा रहे थे। आखिरकार हाईकोर्ट ने अधिकार और संविधान के पक्ष में ऐतिहासिक फैसला दिया।







