सूखा प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों का परीक्षा शुल्क माफ करें
मुख्यमंत्री से मांग शिक्षा और छात्रावास शुल्क में विशेष छूट देने की भी मांग
अकोला/पातूर: (शेख लुकमान) बारिश की कमी के कारण सूखा जैसी स्थिति का सामना कर रहे तहसीलों के विद्यार्थियों का 100 प्रतिशत परीक्षा शुल्क माफ करने तथा शिक्षा और छात्रावास शुल्क में विशेष छूट देने की मांग की गई है।
इस संबंध में राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रदेश सचिव प्रा. मो. फरहान अमीन तथा समाजसेवी एवं पत्रकार नातिक शेख ने जिलाधिकारी वर्षा मीना के माध्यम से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश की कमी के चलते सूखा जैसी स्थिति पैदा हुई है। इससे किसानों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों की शिक्षा का खर्च अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन रहा है।
आर्थिक कठिनाइयों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार को सूखा जैसी स्थिति वाले क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क पूरी तरह माफ करने के साथ शिक्षा एवं छात्रावास शुल्क में विशेष रियायत तत्काल घोषित करनी चाहिए, ऐसी मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई है।






