मनपा की अतिक्रमण कार्रवाई के खिलाफ AIMIM का मोर्चा, हाथगाड़ी लेकर पहुंचे कार्यकर्ता
अकोला( शेख लुकमान ): महानगरपालिका की अतिक्रमण कार्रवाई में फल-फ्रूट विक्रेताओं की हाथगाड़ियों पर की गई कार्रवाई के विरोध में AIMIM की ओर से मनपा प्रशासन को हाथगाड़ी निवेदन दिया गया।
आंदोलन के मद्देनजर सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और RCP बटालियन तैनात की गई थी। पुलिस बंदोबस्त के बीच पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
मनपा कार्यालय के गेट पर निवेदन देते समय कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच कुछ देर तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान आसिफ अहमद खान हाथगाड़ी लेकर पहुंचे और अधिकारियों से कहा, “यह लीजिए, मैं हाथगाड़ी लेकर आया हूं; इस पर बुलडोजर चलाइए।”
कार्यकर्ताओं ने मनपा आयुक्त से सवाल किया कि हाथगाड़ीधारकों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई किस अधिकार और किस नियम के तहत की गई। साथ ही कार्रवाई से पहले नोटिस और कानूनी प्रक्रिया का पालन किया गया था या नहीं, इसे लेकर भी सवाल उठाए गए।
AIMIM ने प्रशासन से कार्रवाई का कानूनी आधार और पूरी प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग की। कार्यकर्ताओं का दावा है कि निवेदन के दौरान कई सवाल उठाए गए, लेकिन उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
फिलहाल इस मामले में मनपा प्रशासन की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। कार्रवाई की वैधता संबंधित आदेश, नोटिस और अन्य आधिकारिक दस्तावेजों के आधार पर स्पष्ट होगी।
निवेदन देते वक्त आसिफ अहमद खान, वसीम खान, सय्यद झफर, सैफ खान, मोहम्मद रिझवान, सय्यद शहजाद, मोहम्मद फारूक, उजैर खान लोधी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे






