बुलढाणा जिले के देऊळगावराजा में नगरसेवक आसिफ खान की हत्या, कव्वाली कार्यक्रम में खूनी झड़प; दो की मौत
देऊळगावराजा | प्रतिनिधि — नदीम शेख
बुलढाणा जिले के देऊळगावराजा शहर में 5 अक्टूबर की रात कव्वाली कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में नगरसेवक आसिफ खान की हत्या होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। घटना में एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई है, जबकि करीब सात लोगों के घायल होने की जानकारी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कव्वाली कार्यक्रम के दौरान बैठने की जगह को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बच्चों के बैठने को लेकर हुई कहासुनी देखते ही देखते बढ़ गई और मामला दो पक्षों के बीच मारपीट तक पहुंच गया।
तलवार और धारदार हथियारों के इस्तेमाल की जानकारी
बताया जा रहा है कि झड़प के दौरान तलवारों और अन्य धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। हमले में नगरसेवक आसिफ खान सहित दो लोगों की मौत होने की जानकारी है। घायलों को उपचार के लिए जालना और छत्रपति संभाजीनगर के अस्पतालों में ले जाने की सूचना है।
पुलिस ने बढ़ाया बंदोबस्त
घटना की जानकारी मिलते ही देऊळगावराजा पुलिस के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए क्षेत्र में पुलिस बंदोबस्त बढ़ाया गया है।
घटना के पीछे का वास्तविक कारण क्या था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस की आधिकारिक जानकारी के बाद घटना से जुड़े अन्य विवरण स्पष्ट होंगे।





